अगरतला , जनवरी 15 -- पश्चिमी त्रिपुरा जिले के बारामुरा पहाड़ी क्षेत्र के चंपकनगर में एक बुजुर्ग महिला अपने घर के अंदर मृत पायी गयी हैं।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि मृतका की रोज़मर्रा के कामों में मदद करने वाले लोगों को बीती शाम उनका शव खून से सना हुआ मिला और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पश्चिमी त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक नमित पाठक की अगुवाई में एक टीम उनके आवास पर पहुंची और जांच शुरू की। श्री पाठक ने बताया कि मृतक का शव उनके कमरे के फर्श पर पड़ा मिला।

पुलिस ने जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर एक फोरेंसिक टीम और एक डॉग स्क्वाड को भेजा । पुलिस ने कहा कि इस हत्या में शामिल लोगों को जल्द से जल्द ढूंढने की कोशिश की जा रही है। वृद्धा के एक पड़ोसी सचिन देबबर्मा ने कहा कि वह नौकरी से सेवानिवृत्त होने के बाद से यहां रह रही थीं और इस उम्र में उनके लिये घर के काम करना चुनौतीपूर्ण था। श्री देबबर्मा ने कहा कि वृद्धा उन्हें अपना छोटा भाई मानती थीं, इसलिये वह अपने घर से अकसर उनके लिये खाना लाया करते थे।

उन्होंने कहा कि हर सुबह वह उन्हें नाश्ता और दोपहर का खाना लाकर दिया करते थे, जबकि वह शाम का खाना उनके घर आकर करती थीं। उन्होंने घटना वाले दिन की सुबह के बारे में कहा कि जब वह वृद्धा के घर गये तो दरवाज़ा खटखटाने पर उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। जब वह शाम को वहां लौटे तो घर का दरवाज़ा खुला मिला। जब वह घर के अंदर गये तो उन्हें महिला का शव खून से सना हुआ मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित