अगरतला , सितंबर 01 -- त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (एडीसी) के इस वर्ष अप्रैल में हुए चुनाव के बाद हुई हिंसा में 17 लोग गिरफ्तार किये गये है।

मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री डॉ. माणिक साहा ने विधानसभा में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एडीसी चुनाव के बाद प्रदेश भर के पुलिस थानों में राजनीतिक हिंसा से जुड़ी 45 शिकायतें दर्ज की गयी।

डॉ साहा ने टिपरा मोथा के विधायक रंजीत देबबर्मा के सवाल के लिखित जवाब में कहा कि चुनाव के बाद दर्ज मामलों से जुड़े 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन सभी को संबंधित अदालत में पेश किया गया और न्यायिक प्रक्रिया चल रही है।

मुख्यमंत्री ने श्री देबबर्मा के एक और सवाल के जवाब में - जिसमें चुनाव के बाद हुई राजनीतिक हिंसा के कारण राजनीतिक नेताओं या कार्यकर्ताओं को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर किए जाने का ज़िक्र था - कहा कि राजनीतिक हिंसा या आतंक के कारण किसी भी राजनीतिक दल के नेता या कार्यकर्ता को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर नहीं किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित