अगरतला , मार्च 13 -- त्रिपुरा की उद्योग और वाणिज्य मंत्री सांत्वना चकमा ने शुक्रवार को कहा कि महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए त्रिपुरा सरकार ने 'त्रिपुरा महिला उद्यमिता नीति 2025-2030' शुरू की है।
सुश्री चकमा ने इस पहल को त्रिपुरा की विकास यात्रा में एक परिवर्तनकारी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस नीति का मुख्य उद्देश्य नवाचार, उद्यमिता और टिकाऊ व्यावसायिक विकास के अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देकर इच्छुक महिला उद्यमियों को सशक्त बनाना है।
मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि महिला उद्यमिता नीति महिलाओं के लिए अवसरों का विस्तार करने, सहायता तंत्र को मजबूत करने के साथ एक दूरदर्शी दृष्टिकोण पेश करती है। यह दृष्टिकोण महिला उद्यमियों को उनके विचारों को उद्यमों में बदलने में सक्षम बनाने में मदद करेगा।
सुश्री चकमा ने राज्य में महिला नेतृत्व वाले विकास को गति देने के लिए इस नीति को महत्वपूर्ण बताया और इसकी क्षमता में विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि इस नीति का लक्ष्य महिला सशक्तिकरण को आर्थिक प्रगति के साथ जोड़कर समावेशी विकास को बढ़ावा देना है।
महिला उद्यमियों के समक्ष आने वाली बाधाओं, पूंजी की कमी, बाजार, उन्नत तकनीक और संस्थागत सहायता तक सीमित पहुंच को दूर करने के लिए तैयार की गई यह नीति महिलाओं को अनौपचारिक क्षेत्रों से सुव्यवस्थित और टिकाऊ व्यवसायों की ओर ले जाने का लक्ष्य रखती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित