अगरतला , मई 20 -- त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य में चल रही विकास परियोजनाओं, विशेषकर बिजली और पेयजल आपूर्ति से जुड़ी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश देते हुए शहरी क्षेत्रों में सौर ऊर्जा उत्पादन के विस्तार पर जोर दिया है।
श्री साहा ने समीक्षा बैठक में अगरतला नगर निगम तथा अन्य शहरी निकायों के अंतर्गत संचालित विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने असामाजिक गतिविधियों से प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां सार्वजनिक सुरक्षा और रात्रिकालीन निगरानी बेहतर बनाने के लिए सौर ऊर्जा चालित हाईमास्ट लाइटें लगाने पर विशेष बल दिया। त्रिपुरा राज्य बिजली निगम लिमिटेड (टीएसईसीएल) के अनुसार एशियाई विकास बैंक की वित्तीय सहायता से नये सब-स्टेशन, विद्युत लाइनें और स्मार्ट मीटर लगाने सहित विभिन्न आधारभूत परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है।
बैठक में अगरतला शहर में भूमिगत बिजली संचरण व्यवस्था, स्मार्ट ग्रिड नियंत्रण केंद्र और सब-स्टेशन निर्माण कार्यों की जानकारी भी दी गयी। इन परियोजनाओं की अनुमानित लागत करीब 1,500 करोड़ रुपये बतायी गयी है। टीएसईसीएल ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में अब तक 2,845 सौर इकाइयां स्थापित की जा चुकी हैं तथा 53.61 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है। राज्य सरकार का लक्ष्य शहरी क्षेत्रों के लगभग 1.5 लाख घरों में सौर पैनल स्थापित करना है।
श्री साहा ने अधिकारियों को त्रिपुरेश्वरी मंदिर में सौर ऊर्जा आधारित वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था शुरू करने की व्यवहार्यता का अध्ययन करने का भी निर्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित