अगरतला , नवंबर 10 -- त्रिपुरा में 21 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) के आगामी चुनावों से पहले ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 810 सीटों में से 77 सीटें निर्विरोध जीत ली है।
राज्य चुनाव आयुक्त पीके चक्रवर्ती ने मंगलवार को बताया कि छह नवंबर की समय-सीमा तक विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने कुल 879 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। सात नवंबर को रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा जांच के बाद 859 नामांकन वैध पाए गए। इनमें सबसे अधिक 342 नामांकन भाजपा के थे, इसके बाद माकपा के 251 और कांग्रेस के 216 नामांकन वैध पाए गए। टिपरा मोथा के 15 नामांकन वैध थे, जबकि 35 नामांकन निर्दलीय उम्मीदवारों के थे।
बाद में कुल 49 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए, जिनमें माकपा के 23, कांग्रेस के 15, टिपरा मोथा के पांच और छह निर्दलीय उम्मीदवार शामिल थे। नाम वापसी के बाद अंतिम सूची में 810 उम्मीदवार बचे हैं। भाजपा से 342, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से 228, कांग्रेस से 201, टिपरा मोथा से 10 और 29 निर्दलीय उम्मीदवार रह गए थे।
श्री चक्रवर्ती ने बताया कि चुनाव सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 23 चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने अपना प्रशिक्षण पूरा कर लिया है और अपने क्षेत्र कार्यों की शुरुआत कर दी है। वे विभिन्न क्षेत्रों में चुनाव से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं, जिसमें रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालयों का कामकाज भी शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित