अगरतला , फरवरी 25 -- त्रिपुरा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री रतन लाल नाथ ने केन्द्र सरकार से अनुरोध किया है कि राज्य में किसानों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से परियोजनाएं शुरू करने के लिए अतिरिक्त निधि आवंटित की जाए। इसमें 30,000 हेक्टेयर में हाइब्रिड धान की खेती में सहायता करना भी शामिल है।
श्री नाथ ने केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को हुई वित्तीय समीक्षा बैठक में यह मुद्दा उठाते हुए केन्द्र से त्वरित कार्रवाई की मांग की। श्री नाथ ने कहा कि श्री चौहान त्रिपुरा के वित्तीय प्रबंधन से संतुष्ट हैं।
उन्होंने चर्चा के दौरान बताया कि राज्य ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 79 प्रतिशत, कृषि उत्पादन योजना के तहत 61 प्रतिशत और प्राकृतिक खेती परियोजना के लिए भी इतना ही हिस्सा इस्तेमाल किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित