अगरतला , मई 13 -- त्रिपुरा में गोमती जिले के काकरावन थाना क्षेत्र में एक बाल गृह में कथित रूप से सुविधाओं की कमी और बच्चों के साथ उचित व्यवहार न होने से निराश होकर तीन नाबालिग लड़कियां मंगलवार की देर रात सुरक्षा खामियों का फायदा उठाकर वहां से भाग गईं।
बताया जाता है कि उन्होंने पूरी रात यात्रा की और स्थानीय लोगों ने उन्हें सुबह उदयपुर और अगरतला के बीच बिश्रामगंज में देखा और पुलिस की इसकी सूचना दी। पुलिस ने लड़कियों से पूछताछ की और मामले की जांच शुरू कर दी। लड़कियों ने पुलिस को बताया कि बाल गृह में दिये जाने वाले भोजन और अपर्याप्त सुविधाओं की वजह से असंतुष्ट थी, इसीलिये उन्होंने बाल गृह से जाने का निर्णय लिया। आरोप है कि रात के भोजन के बाद जब कर्मचारी आराम कर रहे थे, तब तीनों नाबालिग लड़कियां वहां से भाग गईं।
पुलिस ने बताया कि लड़कियां सिपाहीजाला जिले के सोनामुरा, दक्षिण त्रिपुरा के जोलाईबारी और गोमती जिले के राधाकिशोरपुर की रहने वाली हैं। गृह से निकलने के बाद, कहा जा रहा है कि वे पूरी रात पैदल चलती रहीं। तड़के सुबह, स्थानीय निवासियों ने लड़कियों को संदिग्ध रूप से घूमते हुए देखा और पुलिस को सूचित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित