अगरतला , जुलाई 20 -- भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनखड़ साेमवार को यहां पुलिस मुख्यालय में अपने कार्यालय के शौचालय में मृत मिले।

शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। उनकी स्वास्थ्य जांच करने वाले अगरतला सरकारी मेडिकल कॉलेज के प्रो प्रदीप भौमिक ने बताया कि 48 मिनट तक उन्हें होश में लाने के प्रयासों के बावजूद वे विफल रहे। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिला है कि असामान्य रूप से देर होने के कारण जब उनके अर्दली ने शौचालय जाकर देखा तो उसने श्री धनखड़ को फंदे से लटका पाया।

मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तुरंत पुलिस मुख्यालय और फिर अस्पताल पहुंचे, जहां आगे की मेडिको-लीगल प्रक्रियाएं चल रही हैं।

घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच शुरू होने के साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इलाके को सुरक्षित कर लिया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित