अगरतला , जून 22 -- त्रिपुरा के पशु संसाधन विकास विभाग (एआरडीडी) ने वर्ष 2025-26 में निर्धारित योजनाओं के क्रियान्वयन में 98 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। राज्य के पशु संसाधन विकास मंत्री सुधांशु दास ने सोमवार को यह जानकारी दी।
श्री दास ने बताया कि विभाग की समीक्षा बैठक में पिछले वित्त वर्ष की योजनाओं के क्रियान्वयन, धनराशि के उपयोग, उपलब्धियों और चुनौतियों का आकलन किया गया।
उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए विभाग वर्ष में दो बार बैठक आयोजित करता है, जिससे कमियों की पहचान कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की रणनीति बनायी जा सके।
मंत्री ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में विभिन्न योजनाओं के लिए आवंटित धनराशि के प्रभावी उपयोग और पात्र लाभार्थियों तक समय पर लाभ पहुंचाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि कुछ आधारभूत ढांचा और निर्माण परियोजनाओं में निविदा प्रक्रिया तथा मौसमी कारणों से देरी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित