नयी दिल्ली , अगस्त 10 -- कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने त्रिपुरा के डेरगांग किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) द्वारा दुबई के लिए पहली बार निर्यात किये जाने में मदद की है।

पहली खेप में एक टन शहद भेजी गयी है जो सरसों के फूलों पर भ्रमण करने वाली मधुमक्खियों के छत्तों से निकाली गयी है। वाणिज्य मंत्रालय ने इसे एफपीओ और क्षेत्र के लिए एक नयी उपलब्धि बताया है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस पहल को मैसर्स साल्ट रेंज फूड्स प्राइवेट लिमिटेड ने सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया है। यह कंपनी डेरगांग एफपीओ के साथ मिलकर मधुमक्खी पालन उत्पादन को मजबूत करने और निर्यात-उन्मुख शहद आपूर्ति के विकास को सुगम बनाने के लिए कार्य कर रही है। इस सहयोग ने एफपीओ को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच की दिशा में अपना पहला कदम उठाने में सक्षम बनाया है और साथ ही किसानों के लिए निर्यात मूल्य श्रृंखला में भाग लेने का एक व्यवस्थित अवसर तैयार किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित