अगरतला , अक्टूबर 02 -- दक्षिण त्रिपुरा की एक स्थानीय अदालत ने आप्रवास और विदेशी अधिनियम के तहत पांच बंगलादेशी नागरिकों को चार चार महीने की साधारण कैद और प्रत्येक पर 30,000 रुपये का जुर्माना लगाया है।
अदालत ने गुरुवार को परिमल चंद्र दास (38), निशी दास (36), मृदुल दास (30), अर्जुन दास (30) और हेलेंदु दास (35) को दोषी ठहराया। ये सभी बंगलादेश के सुनामगंज जिले के धीराई थाना इलाके के कल्याणी के रहने वाले हैं।
त्रिपुरा पुलिस के अनुसार दक्षिण त्रिपुरा जिले के राजनगर में पीआर बारी थाना के अधिकारियों ने 14 जून को इन पांच लोगों को पकड़ा था। उन्हें खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ बंगलादेशी नागरिकों ने एक भारतीय बिचौलिए की मदद से राधानगर इलाके से एक सफेद मारुति अर्टिगा गाड़ी ली है और अगरतला की ओर जा रहे हैं। पुलिस की एक टीम ने इसके बाद रंगामुरा में एक चेकपॉइंट बनाया और उस गाड़ी को रोका, जिसके बाद उन पांच बंगलादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों पर आप्रवास और विदेशी अधिनियम की धारा 21 के तहत मुकदमा चलाया गया। यह मामला पीआर बारी थाना में केस संख्या 17/2026 के तौर पर दर्ज किया गया था, जिसमें आप्रवास और विदेशी अधिनियम की धारा 21/23/24 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 183/184/187 लगाई गई थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित