नयी दिल्ली , जुलाई 5 -- नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध आपूर्ति में लगे गिरोहों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए केंद्रीय राजस्व खुफिया एजेंसी (डीआरआई) ने त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल में चलाए गए दो अलग-अलग अभियान में कोडीन-आधारित कफ सिरप की भारी मात्रा में बोतलें ज़ब्त की हैं।

रविवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार डीआरआई के अधिकारियों ने 02 जुलाई को अगरतला जाने वाली ट्रेन की पार्सल वैन में ले जाए जा रहे एक कंसाइनमेंट को रोक कर उसकी जांच की। उस खेप में घातु के 80 ड्रमों में कोडीन-आधारित कफ सिरप चालाकी से छिपाया गया था, जिसके ऊपर कवर कार्गो के तौर पर पाउडर जैसा पदार्थ रखा गया था।

इस जांच में कुल मिलाकर कोडीन-बेस्ड कफ सिरप की 55,626 बोतलें बरामद और ज़ब्त की गईं। यह ऑपरेशन रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) और असम राइफल्स की मदद से चलाया गया। कंसाइनमेंट की डिलीवरी लेने आए एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया।

इसी दौरान पश्चिम बंगाल के डंकुनी में एक अन्य अभियान में डीआरआई के अधिकारियों ने एक वेयरहाउस की तलाशी ली, जहाँ 104 सीलबंद लोहे के ड्रमों से कोडीन-बेस्ड कफ सिरप की 56,225 बोतलें बरामद हुईं। पकड़े जाने से बचने के लिए इन बोतलों को ड्रमों के अंदर चाइना क्ले पाउडर की एक परत के नीचे छिपाया गया था। पूरी खेप को मादक द्रव्य निषेध अधिनियम के प्रावधानों के तहत ज़ब्त किया गया है।

डीआरआई की ओर से वित्त मंत्रालय की रविवार को जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि कुल मिलाकर, इन दो ऑपरेशन में कोडीन-बेस्ड कफ सिरप की लगभग 1.11 लाख बोतलें ज़ब्त की गईं हैं और एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित