अगरतला , सितंबर 04 -- त्रिपुरा में उनाकोटी जिले के कैलाशहर स्थित विद्यानगर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में दसवीं कक्षा की एक छात्रा के नवीं कक्षा के छात्र पर धारदार कटर से हमला करने की घटना में वह घायल हो गया है।

घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी गयी है।

यह घटना कक्षाएं चलने के दौरान घटी, जब छात्रा अचानक छात्र के पास पहुंची और उसके गले पर किसी धारदार चीज से वार कर दिया। इससे छात्र खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। घटना से विद्यालय के छात्रों और शिक्षकों में दहशत और तनाव फैल गया, जिसके बाद विद्यालय प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।

दमकलकर्मियों ने तुरंत विद्यालय पहुंचकर घायल छात्र को बचाया और आवश्यक इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायल छात्र की पहचान अनिर्बान धर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि ब्रेक के दौरान अनिर्बान अपने दोस्तों के साथ बैठा था, तभी छात्रा उनके पास आयी।

बताया जाता है कि छात्रा ने उससे पूछा कि वह उस पर क्यों हंस रहा है, जिस पर अनिर्बान ने जवाब दिया कि उन्हें उसके आसपास होने की जानकारी नहीं थी और वह उस पर नहीं हंस रहा था। इस बातचीत के बाद छात्रा ने स्कूल बैग से एक तेज चाकू निकाला और अनिर्बान की गर्दन पर गहरा वार कर दिया।

घटना को देखने वाले अन्य छात्रों ने शोर मचाया, जिसके बाद शिक्षक मौके पर पहुंचे। अनिर्बान को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने घाव पर टांके लगाये। डॉक्टरों के अनुसार चाकू उसकी गर्दन के बायीं ओर लगा था।

घटना के बाद अनिर्बान के पिता ने कैलाशहर पुलिस स्टेशन में छात्रा के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करायी है। विद्यालय प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने छात्रा को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाने ले आयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित