अगरतला , मई 02 -- त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में पुलिस ने भारत-बंगलादेश सीमा के पास स्थित सोनमुरा के चंदनमुरा इलाके में अपनी नाबालिग पोती की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में एक 62 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और घटनाक्रम का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुट गयी है। इस जघन्य कृत्य ने पारिवारिक रिश्तों को कलंकित कर दिया है। आरोपी दादा ने पोती के साथ बार-बार दुष्कर्म किया और भेद खुलने के डर से अंततः गला घोंटकर उसकी जान ले ली।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग लड़की अपनी मां की असामयिक मृत्यु के बाद से गांव में अपने दादा-दादी के साथ रह रही थी। उसका पिता वर्तमान में चेन्नई में कार्यरत है। उसकी असहाय स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी दादा प्राण बल्लभ दास (62) ने उसका यौन शोषण करना शुरू कर दिया था।

यह प्रताड़ना पिछले कुछ समय से जारी थी। तीन दिन पहले जब एक सहेली ने पीड़िता के व्यवहार और शारीरिक स्थिति में बदलाव को लेकर सवाल किया, तो उसने अपना दुखद रहस्य उसके साथ साझा कर दिया। आरोपी दादा को यह पता नहीं था कि उसकी पोती ने किसी को कुछ बताया है, लेकिन उसे लगातार यह डर सता रहा था कि उसकी करतूत सामने आ सकती है।

इसी डर से उसने रात के अंधेरे में लड़की की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को छत के पंखे से लटका दिया ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। अगली सुबह जब पीड़िता की सहेली उसके घर पहुंची, तो उसने शव को लटका हुआ देखा और तुरंत अपने माता-पिता को इसकी सूचना दी।

परिजनों ने तत्काल सोनमुरा थाना पुलिस से संपर्क किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सोनमुरा अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्राण बल्लभ को हिरासत में लिया, जिसने बाद में अपना जुर्म कबूल कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित