अगरतला , सितंबर 30 -- त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले के मोतीनगर इलाके में सीमा सुरक्षा बल, सीमा शुल्क विभाग और त्रिपुरा पुलिस के एक संयुक्त अभियान में मंगलवार शाम 24.50 लाख टका बंगलादेशी मुद्रा जब्त की गई और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, एक विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए बीएसएफ की 81वीं बटालियन के जवानों, सीमा शुल्क अधिकारियों और सोनामुरा पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों ने एक वैन को रोका। वाहन की गहन तलाशी लेने पर उसके भीतर से 24,50,000 टका बंगलादेशी मुद्रा बरामद की गयी।
इस जब्ती के संबंध में सोनामुरा के उत्तर कलामचौरा का निवासी वैन चालक तापस सरकार (38) को हिरासत में लिया गया है। बाद में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जब्त मुद्रा और आरोपी को सीमा शुल्क विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।
सीमा शुल्क अधीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि इस बात का पता लगाने के लिए जांच जारी है कि यह विदेशी मुद्रा कहां से आई थी और इतनी बड़ी राशि को कहां ले जाया जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी से संकेत मिला है कि वैन सिपाहीजाला जिले के विशालगढ़ से सोनामुरा की ओर जा रही थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित