हरिद्वार , अक्टूबर, 18 -- आगामी त्योहारों के मद्देनजर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए उत्तराखंड के हरिद्वार में परिवहन विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर रविवार को की गई कार्रवाई के दौरान चार ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया, जबकि 25 वाहनों के चालान किए गए। इनमें परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाली पांच बसें भी शामिल हैं, जिनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई। मीडिया के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं का संज्ञान लेते हुए जमालपुर कलां क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। यहां निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर संचालित हो रहे चार वाहनों को सीज किया गया, जिनमें एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित