जालौन , अक्टूबर 01 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार को आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। एसपी ने 34 पुरुष उपनिरीक्षकों, तीन महिला उपनिरीक्षकों, पांच महिला हेड कांस्टेबल और आठ महिला कांस्टेबलों का स्थानांतरण किया है। सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्थानांतरण सूची के अनुसार उपनिरीक्षक रमाशंकर तिवारी को मंडी चौकी से बल्लभ नगर चौकी प्रभारी बनाया गया है। वहीं वीरेंद्र बहादुर सिंह को तिलक नगर चौकी से हटाकर मंडी चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस लाइन से इदरीस अहमद को डकोर, सुरेंद्र कुमार को तिलक नगर, उदयपाल सिंह को कदौरा, अकील अहमद व महिपाल सिंह को कालपी और जितेंद्र सिंह को आटा भेजा गया है।

इसके अलावा कई उपनिरीक्षकों को कोंच, नदीगांव, रेंढ़र, गोहन, जालौन, एट, माधोगढ़, चुर्खी, उरई, कुठौंद, महिला थाना, कैलिया, रामपुरा और जगम्मनपुर में तैनाती दी गई है। महिला उपनिरीक्षक अनीता देवी को उरई, प्रियंका देवी को माधोगढ़ और सन्नो देवी को जालौन भेजा गया है। महिला हेड कांस्टेबलों व कांस्टेबलों की भी विभिन्न थानों में तैनाती की गई है। अधिकारियों के अनुसार फेरबदल का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, महिला संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित