बैतूल , अगस्त 27 -- मध्यप्रदेश में आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बैतूल और भीमपुर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिठाई, नमकीन, मावा, दूध और पनीर सहित खाद्य पदार्थों के 25 नमूने जांच के लिए लिए। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश देने के साथ राज्य शासन द्वारा प्रतिबंधित एनालॉग डेयरी उत्पादों के संबंध में भी जानकारी दी।
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर गठित जांच दल ने बैतूल शहर में राहुल नमकीन एवं बर्फी, बीकानेर स्वीट्स, बापू की कचौड़ी, एवन नाश्ता सेंटर और न्यू दिलबहार स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहां से मिल्क केक, मलाई बर्फी, काजू बर्फी, बादाम बर्फी, बेसन लड्डू, खोपरा लड्डू, नमकीन तथा खट्टा-मीठा नमकीन सहित कुल 15 नमूने लिए गए।
इसी प्रकार भीमपुर क्षेत्र में जैसवाल रेस्टोरेंट, बीकानेर मिष्ठान, सागर रेस्टोरेंट और साई बेकरी का निरीक्षण किया गया। इन प्रतिष्ठानों से सादा पेड़ा, मावा बर्फी, नमकीन, पनीर, मावा तथा गाय-भैंस के मिश्रित दूध सहित कुल 10 नमूने लिए गए।
विभाग के अनुसार सभी नमूने जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। विभाग ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए निरीक्षण और नमूना लेने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित