वाराणसी , नवंबर 04 -- पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए हैं।
धनतेरस, दीपावली एवं भाई दूज के दृष्टिगत पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। जाम की आशंका वाले संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे यातायात का सुचारु संचालन हो सके।
उन्होंने सड़कों एवं फुटपाथों पर दुकानों, ठेलों, खोमचों तथा अन्य माध्यमों से किए गए अतिक्रमण को हटवाने के निर्देश दिए। यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को आवागमन में असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस आयुक्त ने दुकानदारों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया कि वे अपने ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थलों पर ही सुनिश्चित कराएं। दुकानों के सामने सड़क अथवा फुटपाथ पर वाहनों को खड़ा कराकर यातायात बाधित न किया जाए।
उन्होंने कलर-कोडेड पार्किंग व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों को खड़ा कराने के निर्देश दिए।
अनधिकृत पार्किंग पर रोक लगाने के साथ ही निर्धारित पार्किंग स्थलों पर दबाव बढ़ने की स्थिति में वाहन चालकों को वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की जानकारी देकर वहां वाहन खड़े करने के लिए प्रेरित किया जाए। बाजारों में आवश्यकतानुसार संकेतक लगाए जाएं तथा यातायात कर्मियों के माध्यम से आमजन को मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।
पुलिस आयुक्त ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन चलाने, अव्यवस्थित पार्किंग करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से प्रमुख चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित