नयी दिल्ली , अक्टूबर 16 -- सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन ने त्योहारों के मौसम के बीच बढ़ती महंगाई और राजधानी में विभिन्न स्थानों पर हो रहे धरना-प्रदर्शनों के कारण व्यापारिक गतिविधियों पर बुरा असर पड़ने की आशंका जतायी है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने शुक्रवार को कहा कि दीपावली सहित अन्य त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में अच्छी बिक्री की उम्मीद लगाए बैठे व्यापारियों की चिंता बढ़ने लगी है। खासकर पुरानी दिल्ली के प्रमुख व्यापारिक केंद्र सदर बाजार में जाम, यातायात संबंधी परेशानियों और ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होने से दुकानदारों के सामने कई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि त्योहारों का मौसम व्यापारियों के लिए साल का बेहद महत्वपूर्ण समय होता है। इस दौरान दुकानदार बड़ी उम्मीदों के साथ माल खरीदते हैं और अपनी दुकानों पर अतिरिक्त स्टॉक रखते हैं, ताकि ग्राहकों की मांग पूरी की जा सके, लेकिन बढ़ती महंगाई के कारण आम जनता की खरीदारी करने की क्षमता प्रभावित हो रही है। वहीं, जगह-जगह होने वाले धरना-प्रदर्शनों और यातायात बाधित होने से बाजारों तक पहुंचने में लोगों को परेशानी होती है। इसका सीधा असर व्यापार और बिक्री पर पड़ सकता है।
श्री पम्मा ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में ग्राहकों की अधिक आवाजाही और सुचारू यातायात व्यवस्था बेहद जरूरी है। सदर बाजार देश के प्रमुख थोक व्यापारिक केंद्रों में से एक है, जहां दिल्ली के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से व्यापारी और ग्राहक खरीदारी करने आते हैं। यदि बाजारों के आसपास जाम लगा रहे या रास्ते बाधित हों, तो ग्राहक बाजार आने से बच सकते हैं। इससे न केवल दुकानदारों, बल्कि छोटे व्यापारियों, मजदूरों, कर्मचारियों और माल ढुलाई से जुड़े लोगों की आजीविका भी प्रभावित होती है।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों को दुकान का किराया, बिजली के बिल, कर्मचारियों का वेतन, माल ढुलाई और अन्य खर्च नियमित रूप से उठाने पड़ते हैं। त्योहारों के लिए पहले से खरीदे गए माल की बिक्री समय पर नहीं होने से व्यापारियों की पूंजी फंसने और आर्थिक दबाव बढ़ने का खतरा रहता है। ऐसे में महंगाई और यातायात संबंधी परेशानियों का एक साथ सामना करना व्यापारियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित