नयी दिल्ली , अक्टूबर 20 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि खाद्य कारोबार से जुड़े सभी प्रतिष्ठानों को चाहिए कि वह स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, कर्मचारियों के प्रशिक्षण और खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से संभालने के नियमों का पूरी जिम्मेदारी से पालन करें।

श्रीमती गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली सरकार की जनहितैषी कार्यशैली का केंद्र नागरिकों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण है। त्योहारों का वास्तविक आनंद तभी है, जब हर परिवार को अपने घर के लिए खरीदे जाने वाले खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और गुणवत्ता पर भरोसा हो। त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ती है, इसलिए उनके निर्माण, भंडारण और बिक्री में निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। सरकार स्वास्थ्य से जुड़े विषयों को गंभीरता से लेती है।

उन्होंने कहा कि खाद्य कारोबार से जुड़े सभी प्रतिष्ठानों को चाहिए कि वे स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, कर्मचारियों के प्रशिक्षण और खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से संभालने के नियमों का पूरी जिम्मेदारी से पालन करें। सरकार का प्रयास है कि नागरिकों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध हों तथा त्योहारों की खुशियों के बीच किसी के स्वास्थ्य से समझौता न हो। जनहित और जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए जागरूकता, जवाबदेही और निर्धारित मानकों का पालन आवश्यक है।

दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों के मद्देनजर राजधानी में मिठाई निर्माताओं और उनसे जुड़े प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई इकाइयों में स्वच्छता, साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण और उन्हें संभालने के निर्धारित तौर-तरीकों में कमियां सामने आईं। विभागीय टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से प्रवर्तन एवं निगरानी के तहत खाद्य पदार्थों के नमूने भी एकत्र किए। मुख्यमंत्री ने कहा है कि दिल्ली सरकार का प्रयास है कि नागरिकों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध हों तथा त्योहारों की खुशियों के बीच किसी के स्वास्थ्य से समझौता न हो। जनहित और जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए जागरूकता, जवाबदेही और निर्धारित मानकों का पालन आवश्यक है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को निरीक्षण के दौरान विद्या विहार (हस्तसाल) औद्योगिक क्षेत्र स्थित काली घटा स्वीट्स की निर्माण इकाई में स्वच्छता और साफ-सफाई संबंधी व्यवस्थाएं असंतोषजनक पाई गईं। इसके उत्तम नगर स्थित आउटलेट में भी सुधार की जरूरत बताई गई। दोनों परिसरों से केसर रसभरी, आलू भुजिया, घी और पालक बूंदी के चार नमूने लिए गए। चांदनी चौक स्थित भीकाराम चांदमल प्राइवेट लिमिटेड के निरीक्षण में स्वच्छता और साफ-सफाई से जुड़ी कई कमियां मिलीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित