बैतूल , अगस्त 21 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले चीनी की कीमतों में तेज उछाल आया है। पिछले एक महीने में चीनी के दाम करीब 25 रुपए प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। पिछले एक सप्ताह में ही कीमत में करीब 15 रुपए प्रति किलो की वृद्धि बताई जा रही है। वर्तमान में खुदरा बाजार में चीनी करीब 70 रुपए और थोक में लगभग 66 रुपए प्रति किलो बिक रही है।

थोक कारोबारियों के अनुसार बाजार में चीनी के भाव दिन में दो से तीन बार तक बदल रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। बाजार से जुड़े जानकारों के मुताबिक चीनी का भाव जल्द ही 80 रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकता है। हालांकि आगे कीमतों में कितनी तेजी आएगी, यह उपलब्धता, मांग और आपूर्ति की स्थिति पर निर्भर करेगा।

बाजार में जुलाई की शुरुआत में चीनी करीब 45 रुपए प्रति किलो के भाव में बिक रही थी। इसके बाद कीमतों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हुई। अगस्त में तेजी अचानक बढ़ गई और 12 अगस्त तक खुदरा भाव करीब 55 रुपए प्रति किलो पहुंच गया। इसके बाद लगातार तेजी के चलते बुधवार को खुदरा बाजार में भाव करीब 70 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया।

त्योहारी सीजन में मिठाइयों और विभिन्न प्रकार के मीठे पकवानों की मांग बढ़ने के कारण चीनी की कीमतों में तेजी को लेकर उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है। रक्षाबंधन, पोला, गणेश उत्सव, पितृपक्ष, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार आने वाले हैं।

चीनी महंगी होने का असर घरेलू रसोई के साथ चाय, मिठाई, बिस्किट, चॉकलेट और अन्य मीठे खाद्य पदार्थों की लागत पर भी पड़ रहा है। कारोबारियों के मुताबिक त्योहारी सीजन में मिठाइयों के दाम भी बढ़ सकते हैं।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार चीनी की कीमतों में तेजी के पीछे गन्ने के इस्तेमाल, उत्पादन और एथेनॉल से जुड़े नीतिगत बदलाव भी एक कारण हो सकते हैं। उपभोक्ताओं ने सरकार से बाजार की स्थिति पर निगरानी बढ़ाकर कीमतों में अनावश्यक तेजी पर नियंत्रण के उपाय करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित