पटना , सितंबर 01 -- ने वाले महीनों में त्योहारों को ध्यान रखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने प्रवासी बिहारियों, छात्रों और यात्रियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। निगम अन्य राज्यों से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए करीब 150 अंतर्राज्यीय बसों का संचालन करेगा। इनमें डीलक्स एसी और नॉन एसी बसें शामिल हैं। ये त्योहारी बसें मुख्य रूप से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के प्रमुख रूटों पर संचालित होंगी।
निगम के अनुसार, अबतक 73 नॉन-एसी और तीन एसी बसें पटना पहुंच गई हैं। त्योहारी बसों को टाटा मोटर्स कंपनी से लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत पर खरीदा गया है। प्रत्येक बस में 50 यात्रियों के बैठने के लिए आरामदायक पुशबैक सीटें, सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। एसी बसों को प्राथमिकता देते हुए प्रमुख अंतर्राज्यीय मार्गों पर चलाने की योजना है।
दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और अन्य राज्यों में रहने वाले लाखों बिहारी त्योहारों के दौरान घर लौटने के लिए अक्सर ट्रेनों की भारी भीड़ और टिकट की कमी का सामना करते हैं। ये नई बसें उन्हें आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का विकल्प प्रदान करेंगी। पुशबैक सीटों और वातानुकूलित सुविधा के कारण लंबी दूरी की यात्रा थकान भरी नहीं रहेगी। बिहार से ये सेवाएं पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, गया और मधुबनी जैसे प्रमुख जिलों से शुरू होंगी।
पिछले दिनों हरियाणा के साथ हुए द्विपक्षीय समझौते के तहत अंबाला, गुरुग्राम, पानीपत और सोनीपत जैसे शहरों के लिए बसें चलेंगी। उत्तर प्रदेश का पुराना बस रूट परमिट नवीनीकरण पूरा हो चुका है, जबकि दिल्ली के लिए प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल के साथ वार्ता जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित