चंडीगढ़ , नवंबर 04 -- पंजाब में त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने राज्यव्यापी अभियान तेज कर दिया है। विभाग ने पिछले एक महीने में 110 क्विंटल से अधिक संदिग्ध खाद्य पदार्थ जब्त किए हैं, जबकि मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए करीब 50 क्विंटल दूध उत्पादों और मिठाइयों को नष्ट कर दिया गया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ बलबीर सिंह ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार मिलावट के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने में देसी घी, दूध, पनीर, खोया, मिठाइयों, खाद्य तेल, वनस्पति और मसालों की जांच पर विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान राज्य के सभी 23 जिलों में खाद्य निर्माण इकाइयों, थोक मंडियों, मिठाई की दुकानों, डेयरियों, रेस्तरां और खुदरा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत कुल 1,950 खाद्य नमूने प्रयोगशालाओं में जांच के लिए लिए गए। पनीर और खोये की शुद्धता जांचने के विशेष अभियान में दूध और दुग्ध उत्पादों के 437 नमूने लिए गए। इनमें से 218 नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे, जबकि 51 को असुरक्षित और मिलावटी घोषित किया गया। संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त कंवलप्रीत बराड़ ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए खरड़ स्थित राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला भेजने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का पालन करने तथा उपभोक्ताओं से केवल पंजीकृत एवं लाइसेंस प्राप्त प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री खरीदने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित