टिहरी , अगस्त 25 -- त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने के लिए उत्तराखंड के टिहरी गढवाल जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है।

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के निर्देश पर जिला पूर्ति विभाग, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को चंबा बाजार में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई की दुकानों, डेयरी और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने मिठाई, अनाज उत्पाद, दही समेत 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया है।

निरीक्षण के दौरान टीम ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के साथ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, रखरखाव और खाद्य सुरक्षा मानकों की भी जांच की। जांच के लिये गये नमूनों में मिठाई के चार, अनाज उत्पाद के तीन, दही का एक और अन्य खाद्य पदार्थों के दो नमूने शामिल हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सैंपलिंग और निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रयोगशाला जांच में यदि कोई नमूना निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरता है तो संबंधित खाद्य कारोबारी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित