चंडीगढ़ , जुलाई 12 -- त्योहारी सीजन को देखते हुए केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ का नगर निगम एक्शन मोड में आ गया है। लोगों को खरीदारी, खानपान और मनोरंजन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगम ने शहर के तीन प्रमुख मैदानों को छह माह के लिए निजी कंपनी को उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
नगर निगम के अनुसार, इन स्थलों का आवंटन ई-ऑक्शन के माध्यम से किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया में नगर निगम नोडल एजेंसी की भूमिका निभाएगा। इस पहल से जहां शहरवासियों को एक ही स्थान पर बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी, वहीं नगर निगम को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होने की भी उम्मीद है।
निगम का मानना है कि त्योहारी मौसम के दौरान इन मैदानों पर विभिन्न व्यावसायिक और मनोरंजन गतिविधियों के आयोजन से लोगों को बेहतर अनुभव मिलेगा तथा शहर की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
नगर निगम के अनुसार यह योजना एक अगस्त से 31 जनवरी 2027 तक लागू रहेगी। इसके तहत सेक्टर-34 का प्रदर्शनी मैदान, सेक्टर-17 का सर्कस/परेड ग्राउंड और मनीमाजरा का सीएचबी मेला मैदान शामिल किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ई-ऑक्शन की प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी ताकि फेस्टिवल सीजन के दौरान समय पर आयोजन शुरू हो सकें।
सेक्टर-34 का प्रदर्शनी मैदान व्यापार मेलों, लाइफस्टाइल प्रदर्शनी, पुस्तक मेले, हस्तशिल्प मेले और मौसमी कार्निवल के लिए प्रसिद्ध है। वहीं सेक्टर-17 का सर्कस/परेड ग्राउंड राष्ट्रीय, सांस्कृतिक और दशहरा जैसे बड़े आयोजनों का प्रमुख केंद्र रहा है। मनीमाजरा का सीएचबी मेला मैदान स्थानीय मेलों, तिब्बती विंटर मार्केट, नवरात्रि उत्सव और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए जाना जाता है। पंचकूला, जीरकपुर और हिमाचल के नजदीक होने के कारण यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित