भिवानी , अप्रैल 16 -- हरियाणा के भिवानी जिले के तोशाम में नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत एक भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें क्षेत्र की महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
इस कार्यक्रम में हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत तोशाम के तिकोना पार्क से चौधरी सुरेंद्र सिंह की प्रतिमा तक निकाली गई पदयात्रा से हुई, जो दोपहर में 38 डिग्री सेल्सियस की तेज गर्मी के बावजूद आयोजित की गई। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रुति चौधरी ने मंच से भावुक संबोधन देते हुए अपने पारिवारिक और राजनीतिक अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उनके पिता के निधन के समय बंसी लाल ने उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मान दिया था। उन्होंने भावुक होकर कहा कि अगर वे आज जीवित होते, तो इस मौके पर बेहद गर्व महसूस करते। उन्होंने यह भी कहा कि देश में महिलाओं को जो सम्मान और अधिकार मिल रहे हैं, वह मजबूत नेतृत्व के कारण संभव हुआ है।
मंत्री ने महिला आरक्षण बिल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की और इसे महिलाओं के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के सर्वे में वह सबसे आगे थीं, इसके बावजूद उनका टिकट काट दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान कांग्रेस नेताओं ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
सुश्री चौधरी ने कहा कि अब समय बदल चुका है और महिला आरक्षण बिल के बाद कोई भी महिला उम्मीदवार के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करने से पहले सोचेगा। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की दिशा में बड़ा बदलाव बताया। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित