नयी दिल्ली , अगस्त 25 -- केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने मंगलवार को यहां अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठकें कर प्रमुख शहरी अवसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा की और उनके समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार, बैठकों के दौरान मुख्य रूप से 'गुरुग्राम मेट्रो कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट', 'अमृत 2.0' और 'सिटीज 2.0' जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने परियोजनाओं में तेजी लाने, तकनीकी व प्रशासनिक बाधाओं को दूर करने और तय समय-सीमा में नागरिकों तक इनका लाभ पहुँचाने पर विशेष जोर दिया।

श्री साहू ने मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी (द्वारका एक्सप्रेसवे स्पर सहित) तक बनने वाली मेट्रो कनेक्टिविटी परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। इस परियोजना को 'गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड' लागू कर रहा है। यह समीक्षा बैठक प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली 'प्रगति' मंच की बैठक से पहले बुलाई गई थी, ताकि परियोजना की मौजूदा स्थिति और लंबित मुद्दों की समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा सके। बैठक में मंत्रालय के संयुक्त सचिव प्रवीर कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित