अलवर , अगस्त 15 -- राजस्थान में अलवर के मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह सरसों तेल पैकिंग करने वाली अलवर साल्वेक्स फैक्ट्री में आग लगने से हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब छह बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। हालात इतने गंभीर हो गए कि सुबह नाै बजे तक भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। फैक्ट्री से लगातार धुएं का गुबार उठ रहा है और दमकल के दल आग बुझाने में जुटे हैं।
आग की विकरालता को देखते हुए प्रशासन और दमकल विभाग ने एहतियात के तौर पर आसपास की फैक्ट्रियों को खाली करा दिया है। वहां काम कर रहे कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया है और आसपास की औद्योगिक इकाइयों का काम भी बंद करा दिया गया है।
सूत्रों ने बताया कि फैक्ट्री के आसपास अवरोधक लगाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया है। किसी भी व्यक्ति को आग की दिशा में जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके में आवाजाही रोक दी गई है।
दमकल अधिकारी अमित मीणा ने बताया कि आग की सूचना सुबह करीब छह बजे मिली थी। इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग की भयावहता को देखते हुए लगातार दमकल वाहन मौके पर बुलाए गये हैं।दमकल कर्मी लगातार पानी की बौछार करके आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। तेल और पैकिंग सामग्री के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका के चलते विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
फैक्ट्री मालिक पवन जैन चौधरी ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। फैक्ट्री में लगी आग से फिलहाल करीब पांच करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित