भिण्ड , मई 15 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर में इटावा रोड स्थित 17वीं बटालियन के सामने एक तीन मंजिला इमारत में आज शुक्रवार को भीषण आग लग गई। आग में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आग दूसरी मंजिल पर बने सरसों तेल के गोदाम में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है। इमारत के भूतल पर कलर-पेंट का गोदाम संचालित होता है, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर सरसों तेल का भंडारण किया गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दूसरी मंजिल से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने दूसरी तथा तीसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर भिण्ड नगर से फायर ब्रिगेड के वाहन मौके पर पहुंचे। बाद में फूप कस्बे से भी दमकल वाहन बुलाए गए।
करीब पांच से छह दमकल वाहनों ने लगातार पानी डालकर लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में लगभग 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। आग के कारण गोदाम में रखा सरसों तेल गर्म होकर खराब हो गया तथा बड़ी मात्रा में अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गया। हालांकि आग भूतल पर बने कलर-पेंट गोदाम तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित