चंडीगढ़ , मार्च 29 -- पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने रविवार को राज्य की भगवंत मान सरकार पर विधानसभा में तेल और गैस की कमी को लेकर 'झूठा' प्रस्ताव पारित करने और जनता के बीच अनावश्यक अफरा-तफरी का माहौल पैदा करने का गंभीर आरोप लगाया।

श्री जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री अब खुद स्वीकार कर रहे हैं कि राज्य में आपूर्ति सामान्य है, जो उनके पिछले दावों और विधानसभा में लाए गए निंदा प्रस्ताव की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करता है।

श्री जाखड़ ने सवाल उठाया कि यदि आपूर्ति सामान्य थी, तो केंद्र सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव किस आधार पर लाया गया? उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री इस भ्रम की स्थिति के लिए प्रधानमंत्री और पंजाब की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

उन्होंने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस तरह उन्हें आपदा राहत कोष के 13,000 करोड़ रुपये की जानकारी छह महीने बाद मिली, उसी तरह तेल-गैस की वास्तविकता समझने में भी उन्हें 15 दिन लग गए।

श्री जाखड़ ने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश और व्यापार नीति की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत के पास कच्चे तेल और गैस का पर्याप्त भंडार सुरक्षित है और सरकार हर वैश्विक चुनौती से निपटने में सक्षम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित