चेन्नई , मई 15 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके संस्थापक सी जोसेफ विजय ने शुक्रवार शाम को तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) की ओर से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को 'अस्वीकार्य' बताते हुए भाजपा के नेतृत्व वाले केंद्र सरकार से इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।
उन्होंने कहा कि इससे गरीब और मध्यम वर्ग के साथ-साथ लघु एवं मध्यम उद्यम भी बुरी तरह प्रभावित होंगे। लोगों की क्रय शक्ति पर असर पड़ेगा।
यहां जारी बयान में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी के दौरान तेल की कीमतें घटाकर उपभोक्ताओं को लाभ न देने और सारा मुनाफा खुद रखने के लिए तेल कंपनियों पर कटाक्ष किया।
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद की गयी बढ़ोतरी को अस्वीकार्य बताते हुए श्री विजय ने कहा कि इससे दोपहिया और अन्य छोटे वाहनों का इस्तेमाल करने वाले गरीब, मध्यम और वेतनभोगी वर्ग के बजट पर गहरा असर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि इससे बैंक ऋण पर वाहन चलाने वाले कैब चालकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा, उनकी आजीविका प्रभावित होगी और किराये में भी वृद्धि हो सकती है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि और लोगों की क्रय शक्ति पर प्रभाव डालने के अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी से लघु एवं मध्यम उद्यम भी प्रभावित होंगे। उन्हें विनिर्माण लागत में वृद्धि का सामना करना पड़ेगा। इससे घरेलू और निर्यात बाजारों में मंदी और सुस्ती आ सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित