रायपुर , मई 15 -- देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का असर अब छत्तीसगढ़ में भी साफ दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमत 100.45 रुपये से बढ़कर 103 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है, जबकि डीजल 93.39 रुपये से बढ़कर लगभग 96.55 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
ईंधन की कीमतों में अचानक हुई वृद्धि के बाद शुक्रवार सुबह से रायपुर के कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों में ईंधन भरवाने पहुंचे। आम लोगों ने बढ़ती कीमतों को लेकर चिंता और नाराजगी भी जताई।
विशेषज्ञों का मानना है कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि परिवहन लागत बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। राज्य के भीतर और दूसरे राज्यों तक माल ढुलाई महंगी होने से बाजार पर व्यापक असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि खाड़ी देशों में जारी युद्ध और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसी के चलते वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी आई है, जिसका प्रभाव भारत समेत कई देशों में देखा जा रहा है।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल और डीजल के सीमित उपयोग की अपील की है। उन्होंने सार्वजनिक परिवहन और ई-व्हीकल के अधिक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बीच ईंधन की बचत देशहित में जरूरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित