हैदराबाद/कुआलालंपुर , जून 05 -- भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव छह जून को आयोजित होने वाले तेलंगाना स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने के लिए अपने परिवार के साथ कुआलालंपुर (मलेशिया) पहुंचे हैं।

इस समारोह का आयोजन कुआलालंपुर में 'मलेशिया तेलंगाना एसोसिएशन' (मीटा) और बीआरएस की मलेशिया शाखा संयुक्त रूप से कर रही है।

कुआलालंपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर प्रवासी तेलंगाना समुदाय के सदस्यों और बीआरएस समर्थकों ने श्री रामा राव और उनके परिवार के सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

उनका स्वागत करने वालों में तुंगातुर्थी के पूर्व विधायक गदरी किशोर कुमार, मीटा अध्यक्ष तिरुपति, बीआरएस मलेशिया के अध्यक्ष मारुति और कई अन्य नेता व अनिवासी भारतीय (एनआरआई) शामिल थे।

श्री रामा राव के इस दौरे ने मलेशिया में रह रहे तेलंगाना समुदाय के लोगों के बीच काफी उत्साह पैदा कर दिया है।

आयोजकों ने बताया कि तेलंगाना स्थापना दिवस समारोह को बड़े पैमाने पर आयोजित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गयी हैं।

इस कार्यक्रम में मलेशिया में रहने वाले तेलंगाना मूल के परिवारों और बीआरएस समर्थकों के बड़ी संख्या में शामिल होने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित