नयी दिल्ली , जून 02 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने तेलंगाना स्थापना दिवस पर मंगलवार को राज्य के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तेलंगाना निर्माण लाखों लोगों के संघर्ष, बलिदान और आकांक्षाओं का परिणाम है।
श्री खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि तेलंगाना का गठन देश की लोकतांत्रिक यात्रा का एक ऐतिहासिक अध्याय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार ने तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में तेलंगाना की जनता की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए राज्य गठन में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी।
उन्होंने तेलंगाना आंदोलन में बलिदान देने वाले शहीदों, छात्रों, युवाओं, कर्मचारियों, किसानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और समर्पण को सदैव याद रखा जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और जनकल्याण के आधार पर ''प्रजाला तेलंगाना'' के निर्माण के लिए कार्य कर रही है।
श्रीमती वाड्रा ने अपने संदेश में तेलंगाना के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह राज्य साहस, नवाचार और प्रगति की भूमि है, जो निरंतर प्रेरणा देती है। उन्होंने कामना की है कि तेलंगाना आगे भी समृद्धि के पथ पर अग्रसर रहे और सभी के लिए अवसरों का सृजन करता रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित