हैदराबाद , मई 21 -- तेलंगाना सरकार 'प्रजा पालना-प्रगति योजना' के तहत राज्यभर में 25 से 31 मई तक "महिला सप्ताह" मनाएगी। इसका उद्देश्य महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक सशक्तीकरण को मजबूत करना है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, इस दौरान महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), किशोरियों, दिव्यांगजन तथा वृद्ध महिलाओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इनमें ऋण मेले, आजीविका कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर, जनजागरूकता अभियान, आधारभूत संरचना विकास कार्य तथा महिला सुरक्षा कार्यक्रम शामिल हैं। समारोह के तहत मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी 29 मई को हैदराबाद में महिला उद्यमियों के लिए एक उद्भवन कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। राज्य सरकार 500 पोल्ट्री इकाइयों, सूक्ष्म उद्यमों, कृषि प्रसंस्करण केंद्रों, मधुमक्खी पालन इकाइयों तथा जैव-आधारित संसाधन केंद्रों की स्थापना में भी सहायता प्रदान करेगी।
सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रमों में सौर ऊर्जा संयंत्रों का उद्घाटन, महिला समूहों द्वारा संचालित आरटीसी बसों को रवाना करना, किशोरियों को साइकिल वितरण, दिव्यांगजनों को बैटरी चालित वाहन उपलब्ध कराना तथा शहरी क्षेत्रों में 'इंदिरम्मा साड़ियों' का वितरण भी शामिल रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित