हैदराबाद , मई 26 -- तेलंगाना की पंचायत राज, ग्रामीण विकास तथा महिला एवं बाल कल्याण मंत्री दानासरी अनसूया सीतक्का ने महिला सप्ताह समारोह के तहत मंगलवार को हैदराबाद के बंजारा हिल्स स्थित रोड नंबर-12 पर "सखी निवास" कार्यरत महिला छात्रावास और "सखी केंद्रम" वन-स्टॉप सेंटर का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सीतक्का ने कहा कि रोजगार की तलाश में ग्रामीण क्षेत्रों से हैदराबाद आने वाली महिलाओं को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार कार्यरत महिला छात्रावास स्थापित कर रही है। उन्होंने बताया कि नव उद्घाटित छात्रावास में लगभग 150 महिलाओं के रहने की व्यवस्था है तथा छोटे बच्चों के साथ आने वाली माताओं के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध करायी गयी हैं।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, आत्मविश्वास और आर्थिक सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की प्रगति को सहन नहीं कर पाने वाले लोगों की आलोचनाएं महिलाओं की सामूहिक शक्ति के सामने टिक नहीं पाएंगी। महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए सरकार की पहलों का उल्लेख करते हुए सुश्री सीतक्का ने कहा कि ब्याज मुक्त ऋण की सीमा पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गयी है। उन्होंने कहा कि राइस मिल, पेट्रोल पंप और महिला संचालित सुपरमार्केट जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर सृजित किये जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा, "महिलाएं अब दैनिक खर्चों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय अपने परिवार का सहयोग कर रही हैं, बच्चों को शिक्षा दिला रही हैं और अन्य लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करा रही हैं।" उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को संपत्ति सृजक बनाना है, क्योंकि महिलाओं की आय मजबूत होने से परिवार मजबूत होंगे और राज्य की समृद्धि में भी वृद्धि होगी। सुश्री सीतक्का ने कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी राज्य के प्रत्येक परिवार की हर महिला के सशक्तीकरण और विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि महिला स्वयं सहायता समूहों के तहत स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों का उद्घाटन बुधवार को किया जाएगा, जिनमें उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क द्वारा मधिरा निर्वाचन क्षेत्र में एक संयंत्र का उद्घाटन भी शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित