हैदराबाद , अप्रैल 29 -- तेलंगाना सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए लंबित बकाये के भुगतान के लिए 1,000 करोड़ रुपये जारी किये हैं।

उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क के निर्देशों पर वित्त विभाग के प्रधान सचिव संदीप कुमार सुल्तानिया के आवश्यक आदेश जारी किए जाने के साथ ही बुधवार को यह धनराशि जारी कर दी गयी। यह कदम विधानसभा में उपमुख्यमंत्री के दिये आश्वासन को पूरा करता है।

सरकार ने पहले कर्मचारी संघों के साथ चर्चा के बाद हर महीने 700 करोड़ रुपये जारी करने की प्रतिबद्धता जतायी थी और मार्च 2026 तक भुगतान जारी रखा था। हालांकि, कर्मचारियों को होने वाली वित्तीय कठिनाइयों को देखते हुए मौजूदा वित्त वर्ष से मासिक आवंटन को बढ़ाकर 1,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसी के अनुसार, अप्रैल महीने के लिए 1,000 करोड़ रुपये जारी किये गये हैं।

महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अक्टूबर 2025 तक के लंबित सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) बकाये का निपटान कर दिया गया है, जिससे अपने लाभों का इंतजार कर रहे हजारों पेंशनभोगियों को राहत मिली है।

सरकार ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है कि कर्मचारियों के मेडिकल बिलों का बिना किसी देरी के तुरंत भुगतान किया जाये। लंबित छात्रवृत्ति के साथ-साथ वर्तमान में प्राथमिकता के आधार पर भुगतान की प्रक्रिया चल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित