हैदराबाद , मई 19 -- हैदराबाद विश्वविद्यालय को नीति आयोग के स्टेट सपोर्ट मिशन (एसएसएम) के तहत तेलंगाना सरकार के लिए अग्रणी ज्ञान संस्था (एलकेआई) के रूप में औपचारिक रूप से नामित किया गया है।
विश्वविद्यालय की ओर से सोमवार को जारी बयान में कहा गया कि तेलंगाना योजना विभाग ने विश्वविद्यालय की बहुविषयक शोध विशेषज्ञता और नीति समर्थन क्षमताओं को मान्यता देते हुए यह नामांकन किया है, जिससे राज्य में साक्ष्य-आधारित सुशासन को मजबूती मिलेगी।
इस पहल के तहत विश्वविद्यालय विभिन्न सरकारी विभागों को शोध-आधारित नीति सुझाव, तकनीकी विशेषज्ञता, निगरानी एवं मूल्यांकन ढांचा, डाटा विश्लेषण, क्षेत्रीय अध्ययन तथा क्षमता निर्माण संबंधी सहयोग प्रदान करेगा। विश्वविद्यालय, योजना विभाग और अन्य राज्य एजेंसियों के साथ मिलकर तेलंगाना की विकास प्राथमिकताओं तथा विजन-2047 लक्ष्यों के अनुरूप विषयगत कार्ययोजनाएं और नीतिगत सिफारिशें तैयार करेगा।
यह सहयोग अर्थव्यवस्था एवं वित्त, कृषि, उद्योग एवं अवसंरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रौद्योगिकी एवं उद्यमिता, शहरी विकास, डाटा विश्लेषण तथा मानव संसाधन विकास सहित कई प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगा।
इस अवसर का स्वागत करते हुए कार्यवाहक कुलपति प्रोफेसर जे. अनुराधा ने कहा कि यह मान्यता विश्वविद्यालय समुदाय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए तेलंगाना सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से शिक्षकों और शोधकर्ताओं को अकादमिक ज्ञान को व्यावहारिक जननीति में परिवर्तित करने तथा राज्य के समावेशी और सतत विकास में योगदान देने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय का अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ विभिन्न शैक्षणिक विभागों और शोध केंद्रों की सक्रिय भागीदारी के साथ इस मिशन का समन्वय करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित