हैदराबाद , जुलाई 14 -- तेलंगाना के परिवहन एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना पर सभी निर्णय पूरी तरह से राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण (एनडीएसए) के विशेषज्ञों की सिफारिशों के आधार पर ही लेगी।
श्री प्रभाकर ने यहां विधायक निवास (एमएलए क्वार्टर) में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने से पहले ही कालेश्वरम परियोजना में ढांचागत खामियां आ चुकी थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना की वर्तमान स्थिति के लिए बीआरएस जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछली सरकार की 'साजिशों' को उजागर करने के लिए राज्य भर के गांवों का दौरा करेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार एनडीएसए की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और यदि विशेषज्ञ सिफारिश करते हैं, तो जलाशय को तुरंत भर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "हम इंजीनियर नहीं हैं। हम तकनीकी विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार काम करेंगे। यदि वे परियोजना को चालू करने के उपाय सुझाते हैं, तो हम उन्हें बिना किसी देरी के लागू करेंगे। किसानों और जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।"उन्होंने सवाल किया कि यदि विशेषज्ञों की मंजूरी के बिना जलाशय को भरने के बाद कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार से इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने के बजाय एनडीएसए की अंतिम रिपोर्ट जल्द जारी कराने का दबाव बनाने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित