हैदराबाद , सितंबर 12 -- भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव ने शनिवार को तेलंगाना की कांग्रेस सरकार पर विधानसभा में विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया।

श्री राव ने कहा कि बीआरएस विधायकों ने तेलंगाना भवन में मॉक विधानसभा आयोजित कर अपनी लड़ाई जनता के बीच पहुंचायी। उन्होंने सोशल मीडिया 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा कि विधानसभा से अन्यायपूर्ण निलंबन के जरिए बीआरएस विधायकों की आवाज को दबा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के विधायकों ने यह सुनिश्चित किया कि सदन के बाहर भी जनता से जुड़े मुद्दे उठते रहें।

उन्होंने कहा कि तेलंगाना भवन में आयोजित मॉक विधानसभा ने बीआरएस विधायकों को जनता की चिंताओं को सामने रखने और कांग्रेस सरकार के खराब प्रदर्शन को उजागर करने का मंच दिया।

श्री राव ने कार्यक्रम में शामिल बीआरएस नेताओं की सराहना की और कहा कि उन्होंने कांग्रेस शासन में बिगड़ते हालात को उजागर करते हुए संघर्ष की भावना का प्रदर्शन किया।

बीआरएस कार्यकारी अध्यक्ष की यह टिप्पणी राज्य विधानसभा के कामकाज और बीआरएस विधायकों के निलंबन को लेकर सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी बीआरएस के बीच जारी राजनीतिक टकराव के बीच आयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित