हैदराबाद , अक्टूबर 15 -- तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में 17 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (एसवीपीएनपीए) में होने वाली दीक्षांत परेड में कुल 151 प्रशिक्षु अधिकारी हिस्सा लेंगे, जिसमें भारतीय पुलिस सेवा के 135 प्रशिक्षु अधिकारी और 16 विदेशी अधिकारी शामिल हैं।
अकादमी के निदेशक सुजीत पांडे के अनुसार इस समारोह में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन मुख्य अतिथि होंगे। इस बैच में 37 महिला आईपीएस प्रशिक्षु शामिल हैं, जबकि विदेशी प्रशिक्षु नेपाल, भूटान और मालदीव से हैं। श्री पांडे ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में जन सुरक्षा, कमजोर वर्गों की सुरक्षा और नागरिकों के अधिकारों व जरूरतों के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग पर जोर दिया गया है।
पारंपरिक पुलिसिंग के अलावा प्रशिक्षुओं को साइबर अपराध, वित्तीय धोखाधड़ी, क्रिप्टोकरेंसी, अवैध या गुप्त गतिविधियों का संचालन, नशीले पदार्थों की तस्करी, ड्रोन से जुड़े खतरों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे विषयों पर विशेष मॉड्यूल के जरिए नयी चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मशीन लर्निंग, साइबर सुरक्षा और बिग डेटा एनालिटिक्स में प्रशिक्षण को और मजबूत किया गया है। साथ ही इस कार्यक्रम में मीडिया प्रबंधन, संचार कौशल, अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को भी शामिल किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित