हैदराबाद , अगस्त 13 -- तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) सी. सुदर्शन रेड्डी (आईएएस) ने मतदाताओं को आगाह किया है कि भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के नाम पर फ़र्ज़ी मैसेज और कॉल भेजे जा रहे हैं, जिनमें उनसे निजी और बैंकिंग जानकारी मांगी जा रही है।

सीईओ कार्यालय की ओर से गुरुवार को जारी बयान के अनुसार मतदाताओं को ऐसे फ़र्ज़ी संदेश भेजे जा रहे हैं जिनमें दावा किया जाता है कि उनके वोटर कार्ड और गणना फॉर्म (एन्यूमरेशन फ़ॉर्म) की जानकारी मेल नहीं खाती है और उनके फ़ॉर्म रद्द कर दिये गये हैं। इस मैसेज में लोगों से कहा जाता है कि वे दिये गये नंबर पर कॉल करें या फ़ॉर्म को दोबारा भरने के लिए व्हाट्सएप लिंक पर क्लिक करें।

रिपोर्टों के मुताबिक धोखाधड़ी करने वाले लोग मतदाताओं से नेट बैंकिंग या क्रेडिट/डेबिट कार्ड के ज़रिए पांच रुपये का भुगतान करने और संवेदनशील बैंकिंग जानकारी (जैसे लॉगिन क्रेडेंशियल, पासवर्ड, सीवीवी नंबर और एटीएम पिन) देने के लिए भी कह रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित