चंद्रपुर , जुलाई 10 -- तेलंगाना के रामागुंडम जिले में हुई एक सड़क दुर्घटना में महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के निवासी चार मजदूरों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि चंद्रपुर जिले के सिंदेवाही तालुका के पावना चक गांव के ये श्रमिक धान की रोपाई के लिए तेलंगाना गए थे। यह दुर्घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े छह बजे तब हुई जब मजदूर दिन का काम पूरा कर ऑटोरिक्शा से लौट रहे थे। तभी तेलंगाना परिवहन निगम की तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अतुल वासुदेव सोनुले (45), अर्चना जनार्दन सोनुले (40), प्रभा सीताराम मोहुर्ले (56) और रंजना प्रभाकर शेंडे (50) के रूप में हुई है। मृतकों में 3 महिलाएं शामिल हैं।
घायल मजदूरों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर है। तेलंगाना पुलिस ने इस दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से पावना चक गांव और आसपास के इलाकों में शोक छा गया है, क्योंकि कई परिवारों ने अपने कमाने वाले सदस्यों को खो दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित