हैदराबाद , अक्टूबर 02 -- तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने तपेदिक (टीबी) के खिलाफ लड़ाई में जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान करते हुए लोगों से मरीजों के प्रति भेदभाव करने के बजाय बीमारी से लड़ने की अपील की है।
श्री शुक्ला गांधी जयंती के अवसर पर लोक भवन में तेलंगाना टीबी एसोसिएशन द्वारा आयोजित 77वें टीबी सील बिक्री अभियान का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने टीबी से जुड़े भ्रम और सामाजिक कलंक को दूर करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि टीबी सील बिक्री अभियान मरीजों के प्रति समाज की मानवीय संवेदना और सामूहिक जिम्मेदारी को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में टीबी के खिलाफ लड़ाई को जन आंदोलन में बदल दिया गया है। इसके तहत निक्षय मित्र मरीजों को पोषण और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।
राज्यपाल ने बताया कि 2025 में तेलंगाना में टीबी के करीब 90 प्रतिशत मरीजों ने सफलतापूर्वक अपना उपचार पूरा किया। उन्होंने उपचार की सफलता दर को 100 प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न जिलों के अपने दौरों के दौरान उन्होंने जिला कलेक्टरों और चिकित्सा अधिकारियों के साथ टीबी उन्मूलन से जुड़ी पहलों की समीक्षा की है। राज्यपाल ने कहा कि लोक भवन जनकल्याण की पहलों के लिए प्रेरक और समन्वय केंद्र के रूप में कार्य करता रहेगा।
उन्होंने मोबाइल वाहनों के जरिए विशेष रूप से दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों में डिजिटल एक्स-रे तथा सक्रिय रोगी खोज कार्यक्रम संचालित करने के लिए तेलंगाना टीबी एसोसिएशन की सराहना की। उन्होंने कहा कि मरीजों के उपचार के साथ-साथ पोषण संबंधी सहायता और सामाजिक सम्मान भी उनके स्वस्थ होने के लिए आवश्यक हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित