हैदराबाद , जून 02 -- तेलंगाना के कारागार एवं सुधार सेवा विभाग ने मंगलवार को राज्य सरकार द्वारा पुनर्वास एवं सुधारात्मक सुधारों के लिए दी गई विशेष छूट के तहत 91 आजीवन कारावास कैदियों को रिहा कर दिया।

रिहा किए गए कैदियों में 85 पुरुष और छह महिलाएं शामिल हैं जो सरकार के माफी दिशानिर्देशों के अंतर्गत पात्र पाए गए।

पुनर्वास उपायों के अंतर्गत रिहा किए गए 38 कैदियों को तेलंगाना कारागार विभाग ने ईंधन की खुदरा दुकानों में रोजगार के अवसर प्रदान किए गए। अन्य 53 कैदियों ने रिहाई के बाद स्वरोजगार, कृषि, पारिवारिक व्यवसाय और अन्य व्यवसायों को अपनाने की इच्छा व्यक्त की।

महिलाओं के पुनर्वास के लिए एक विशेष पहल के अंतर्गत जेल विकास कोष के माध्यम से स्वरोजगार सहायता योजना के अंतर्गत चार महिला कैदियों को सिलाई मशीनें प्रदान की गईं।

इस अवसर पर कारागार एवं सुधार सेवाओं की महानिदेशक डॉ. सौम्या मिश्रा ने कहा कि यह रिहाई जिम्मेदारी, गरिमा एवं आशा पर आधारित जीवन के एक नए चरण की शुरुआत है।

उन्होंने कहा कि विभाग व्यावसायिक प्रशिक्षण, परामर्श एवं रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों के माध्यम से जेलों को सुधार, कौशल विकास एवं पुनर्वास केंद्रों में परिवर्तित करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

डॉ. मिश्रा ने रिहा हुए कैदियों से कानून का पालन करने वाला नागरिक बनने और समाज का उपयोगी सदस्य बनने का आग्रह किया। उन्होंने राज्य में पुनर्वास एवं सुधारात्मक व्यवस्था में सहयोग देने के लिए राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला एवं मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को भी धन्यवाद दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित