हैदराबाद/नयी दिल्ली , अगस्त 07 -- तेलंगाना में भोंगिर से सांसद चमला किरण कुमार रेड्डी ने प्रदेश कांग्रेस का मीडिया, संचार और प्रचार अध्यक्ष नियुक्त किये जाने पर शुक्रवार को कांग्रेस आलाकमान और मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी का आभार व्यक्त किया।

इसके साथ ही उन्होंने बीआरएस और भाजपा के 'झूठे प्रचार' का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने का संकल्प लिया।

नयी दिल्ली में पत्रकारों को संबोधित करते हुए किरण कुमार ने कहा कि दिसंबर 2023 में सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार को कर्ज में डूबा राज्य मिला था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्र सरकार से मदद हासिल कर राज्य की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए अथक प्रयास किये हैं।

मुख्यमंत्री की बार-बार की दिल्ली यात्राओं को लेकर बीआरएस नेता केटी रामा राव और टी हरीश राव की आलोचना को खारिज करते हुए सांसद ने कहा कि इन दौरों का मकसद तेलंगाना के हितों की रक्षा करना और राज्य के विकास के लिए धन जुटाना था।

सांसद ने बीआरएस नेतृत्व पर चुनावी हार का आत्मनिरीक्षण करने के बजाय सोशल मीडिया अभियानों के जरिये जनता को गुमराह करने की कोशिश का आरोप लगाया।

उन्होंने हर स्तर के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सक्रिय रूप से प्रचार करने, भ्रामक जानकारियों का खंडन करने और सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने के लिए नियमित रूप से प्रेस वार्ता करने का आह्वान किया।

पोलावरम-बानाकाचेर्ला मुद्दे का जिक्र करते हुए श्री किरण कुमार ने दावा किया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी के बार-बार प्रतिनिधित्व करने के बाद केंद्र ने इस प्रस्ताव पर पुनर्विचार किया।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार शिक्षा, रोजगार के अवसरों और कौशल विकास को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मीडिया से निष्पक्ष रूप से तथ्य पेश करने का आग्रह किया और आश्वासन दिया कि पार्टी आने वाले दिनों में अपनी संचार रणनीति को और तेज करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित