खम्मम , मार्च 01 -- तेलंगाना प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की शताब्दी समारोहों के तहत आयोजित एक समारोह में उनके काव्य संग्रह 'अटल जी की अक्षर नीराजन' के विमोचन किया।

श्री राव ने इस अवसर पर कहा कि श्री वाजपेयी केवल एक राजनीतिक नेता ही नहीं, बल्कि एक कवि, प्रभावशाली वक्ता और सुसंस्कृत लोकतांत्रिक व्यक्तित्व थे, जिनके विचारों और शब्दों ने युवाओं की कई पीढ़ियों को सार्वजनिक जीवन में आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विपक्ष के नेता, प्रधानमंत्री और सांसद के रूप में श्री वाजपेयी के आदर्श आचरण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी संसदीय परंपराएं आज भी आदर्श बनी हुई हैं।

राजनीतिक और विधायी शिष्टाचार में गिरावट पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि असंसदीय भाषा और व्यक्तिगत हमलों का बढ़ता उपयोग श्री वाजपेयी द्वारा प्रदर्शित मूल्यों के विपरीत है। विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बनने के बाद श्री वाजपेयी के साथ अपनी मुलाकात को याद करते हुए श्री राव ने कहा कि लोकतांत्रिक आलोचना और गरिमामय आचरण पर पूर्व प्रधानमंत्री की सलाह आज भी उनका मार्गदर्शन करती है।

उन्होंने सभी दलों के नेताओं से श्री वाजपेयी के सुसंस्कृत और लोकतांत्रिक राजनीति के मार्ग का अनुसरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसा दृष्टिकोण ही लोकतंत्र को सुदृढ़ करेगा और राष्ट्र की सेवा करेगा। कार्यक्रम में भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित