हैदराबाद , जून 18 -- तेलंगाना सरकार ने आगामी खरीफ मौसम के लिए किसानों को 'रयथु भरोसा' निवेश सहायता राशि 30 जून से जारी करने का निर्णय लिया है। सिंचाई एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री कैप्टन एन. उत्तम कुमार रेड्डी ने गुरुवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की अनौपचारिक बैठक के बाद यह घोषणा की।
कृषि मंत्री थुम्माला नागेश्वर राव और पंचायत राज मंत्री सीताक्का के साथ मीडिया को संबोधित करते हुए श्री रेड्डी ने कहा कि 30 जून को खम्मम जिले के मधिरा में किसानों की एक बड़ी बैठक होगी जिसमें 'रायतू भरोसा' फंड वितरण की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। इसके बाद यह फंड सीधे पूरे राज्य के किसानों के बैंक खातों में स्थानांतरित किया जाएगा।
मंत्री ने खरीफ मौसम के दौरान बारीक दाने वाले धान की सात किस्मों के लिए बोनस की भी घोषणा की। बोनस के लिए योग्य किस्में बीपीटी-5204, आरएनआर-15048, एचएमटी सोना, जय श्रीराम, केएनएम-1638, डब्ल्यूजीएल-44 और केएनएम-7715 हैं। यह निर्णय बाज़ार की मांग एवं ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखकर लिया गया है।
मंत्री ने बताया कि तेलंगाना ने रबी मौसम के दौरान लगभग 80 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीद की है जो कि एक अभूतपूर्व उपलब्धि है। हालांकि, मंत्री ने केंद्र द्वारा तेलंगाना से कम खरीद करने पर चिंता व्यक्त की और मांग किया कि राज्य में पैदा हुए पूरे अनाज की खरीद की जाए।
राज्य सरकार ने केंद्र से यह भी आग्रह किया कि वह मौजूदा खरीफ मौसम के लिए तुरंत खाद का कोटा जारी करे और रामागुंडम फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड द्वारा उत्पादित यूरिया का एक बड़ा हिस्सा तेलंगाना को आवंटित करे।
मंत्री ने हैदराबाद मेट्रो रेल के दूसरे चरण को जल्द मंज़ूरी प्रदान करने एवं आईआरएफसी का बकाया लोन जारी करने की राज्य की मांग को दोहराया और तेलंगाना के केंद्रीय मंत्रियों एवं भारतीय जनता पार्टी के सांसदों से इस परियोजना का समर्थन करने का आग्रह किया।
एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में राज्य सरकार ने औपचारिक रूप से 'तेलंगाना डिजिटल कैबिनेट' पहल की शुरुआत की। अब कैबिनेट की बैठकें कागज रहित होंगी, जिसमें मंत्रियों को एजेंडा और सरकारी दस्तावेज़ खास तौर पर दिए गए टैबलेट के माध्यम से प्राप्त होंगे।
सरकार ने 21 जून को नीट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए मुफ़्त आरटीसी बस यात्रा की भी घोषणा की। छात्र अपना हॉल टिकट दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित