हैदराबाद , जून 30 -- तेलंगाना में निर्वाचन आयोग ने एक अक्टूबर, 2026 को योग्यता तिथि मानते हुए मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया शुरू कर दी है और अब तक लगभग 60 प्रतिशत गणना फ़ॉर्म बांटे जा चुके हैं।
तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने यह जानकारी दी।
मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति में सीईओ ने बताया कि यह एसआईआर संविधान के अनुच्छेद 324, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 21 और निर्वाचक पंजीयन नियम, 1960 के तहत किया जा रहा है। फ़ॉर्म की छपाई और ट्रेनिंग जैसी तैयारी से जुड़ी गतिविधियां 15 जून से 24 जून के बीच पूरी कर ली गई थीं, जबकि बूथ लेवल अधिकारियों ने 25 जून से घर-घर जाकर सत्यापन (वेरिफ़िकेशन) का काम शुरू कर दिया था।
मंगलवार को दोपहर दो बजे तक, राज्य भर में कुल 2,02,32,055 गणना फ़ॉर्म बांटे जा चुके थे, जो कुल संख्या का 59.81 प्रतिशत है।
मतदाता सूची का ड्राफ़्ट 31 जुलाई को जारी किया जाएगा, जिसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का समय होगा। अंतिम मतदाता सूची एक अक्टूबर को जारी की जाएगी।
सीईओ कार्यालय ने बताया कि तेलंगाना में 33 ज़िले, 119 विधानसभा क्षेत्र, 35,985 पोलिंग स्टेशन और 3.38 करोड़ से ज़्यादा वोटर हैं।
इस काम को आसान बनाने के लिए सभी स्तरों पर चुनाव अधिकारियों को ट्रेनिंग दी गई है, साथ ही राज्य और ज़िला स्तर पर राजनीतिक दलों के साथ बैठकें भी की गई हैं। डीईैओ,ईआरओ और एईआरओ ऑफ़िस में कुल 1,035 हेल्प डेस्क बनाए गए हैं, और सभी बीएलओ को गणना फ़ॉर्म, वोटर फ़ॉर्म, घोषणा फ़ॉर्म और दूसरी ज़रूरी चीज़ें उपलब्ध कराई गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित